आगामी त्यौहारों को लेकर सुलतानपुर पुलिस एलर्ट: एसपी विनीत जायसवाल कोतवाली नगर क्षेत्र में किया पैदल गस्त
सुलतानपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुलतानपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल ने कोतवाली नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी ने चौक, घंटाघर, पंचरस्ता और स्वीट हाउस सहित प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर पैनी नजर रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
गश्त के दौरान एसपी विनीत जायसवाल ने सर्राफा व्यापारियों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं व सुरक्षा संबंधी जरूरतों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने और त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। एसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए लगातार पैदल गश्त और प्रभावी पुलिसिंग की जाए ताकि जनपद में शांति व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे और आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
Post a Comment