भारी बारिश के बीच कुकहा ग्रामपंचायत में ट्रांसफार्मर फुंका, सैकड़ों घरों में बिजली गुल
अमेठी। ग्राम पंचायत कुकहा के मिर्ज़ागढ़ गांव में बारिश के बीच बीते दिनों एक विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक गया है। इससे सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों को उमस और अंधेरे के बीच भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर फुंकने की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दी। विद्युत अभियंता सेमरौता और क्षेत्रीय लाइनमैन पवन ने मौके पर आकर स्थिति का निरीक्षण करने की बात कही है। विभाग ने कल तक नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में बिजली बाधित होने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनुज पाण्डेय ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने की जानकारी विद्युत विभाग को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि नया ट्रांसफार्मर जल्द लगवाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान सौरभ श्रीवास्तव, अवधेश प्रजापति, ब्रजेश प्रजापति, हरिश्चंद्र कश्यप, संतोष भदौरिया, महेश भदौरिया, पंकज जायसवाल, मोहित सिंह, फूलू कश्यप सहित कई अन्य ग्रामीणों ने भी जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
Post a Comment