आम के बाग में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, सूचना पर पहुंची पुलिस, मौत के कारणों की जांच शुरू
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के रामनगर गांव में गुरुवार की सुबह आम के बाग में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।मृतक की पहचान 22 वर्षीय पिंटू के रूप में हुई है। वह जामो थाना क्षेत्र के कटारी के पूरे द्वांगपाल गांव का रहने वाला था और रामनगर में रहकर पढ़ाई करता था। गुरुवार को रामनगर गांव स्थित राजा बाग में उसका शव पेड़ की डाल में फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। इसके बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पिंटू के पिता रामकरण ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।
परिजनों के मुताबिक पिंटू की किसी से कोई लड़ाई या विवाद नहीं था। बताया गया कि वह पहले मुंबई में रहता था और वहां इसरोली निवासी ठेकेदार मोहम्मद रजा के साथ काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Post a Comment