एशियन गेम्स में अमेठी के सलमान खान ने जीता कांस्य पदक, जापान में नौकायन प्रतियोगिता में भारतीय टीम का किया प्रतिनिधित्व
अमेठी। जापान के नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की नौकायन (रोइंग) प्रतियोगिता में अमेठी के युवा खिलाड़ी सलमान खान ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। सलमान ने भारतीय नौकायन टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।तिलोई क्षेत्र विकास खंड बहादुर के पूरे सिंगई खैरौना गांव निवासी सलमान खान किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह कासिम खान और जब्बरनिशा के पुत्र हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में पदक जीतने की खबर मिलते ही अमेठी के खेल जगत और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। सलमान खान ने अपनी सफलता का श्रेय भारतीय सेना में सूबेदार मोहम्मद आजाद को दिया है। सुल्तानपुर निवासी मोहम्मद आजाद अंतरराष्ट्रीय नौकायन खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक हैं। सलमान ने उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। सलमान की उपलब्धि पर जिला खेल कार्यालय अमेठी समेत खेल जगत से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने बधाई दी। बधाई देने वालों में क्रिकेट अधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा, कनिष्ठ सहायक शुकुमार मौर्य, अंतरराष्ट्रीय एथलीट सूबेदार राहुल पाल, राष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. अब्दुल हमीद, खेल प्रशिक्षण प्रशिक्षक मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद नदीम, प्रांतीय खिलाड़ी राजेश कनोजिया, पंकज जुबेर, सहादत, राकेश कश्यप, महेंद्र पाल, मोहम्मद शकील, प्रधानाचार्य राघवेंद्र और जितेंद्र कुमार शामिल रहे। उप क्रीड़ा अधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने कहा कि सलमान खान की यह उपलब्धि अमेठी के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। इससे जिले में नौकायन जैसे खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियों से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का उत्साह मिलेगा और भविष्य में अमेठी के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
Post a Comment