टड़वा ज्वेलर्स लूटकांड में चौथा आरोपी जाकिर हुसैन पिस्टल-कारतूस के साथ गिरफ्तार
सीवान। दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा बाजार स्थित नीरज ज्वेलर्स में 8 सितंबर को हुई लूट एवं स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी जाकिर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गोपालगंज जिले के माझागढ़ थाना क्षेत्र के सपावाद गांव का निवासी बताया गया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल एवं कारतूस बरामद किए गए हैं। गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सदर-2 आनंद मोहन गुप्ता ने गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सीवान बाईपास से जाकिर हुसैन को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह गोपालगंज जिले में लूट के एक मामले में जेल भी जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 8 सितंबर को टड़वा बाजार स्थित नीरज ज्वेलर्स में अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। इसी दौरान स्वर्ण व्यवसायी पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और छापेमारी शुरू की। जांच के क्रम में पुलिस ने घटना में शामिल अपराधियों की पहचान की और लगातार कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार जाकिर हुसैन के पास से पिस्टल और कारतूस की बरामदगी को पुलिस जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसडीपीओ ने जिले के विभिन्न बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाजार सुरक्षा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। बाजारों में पुलिस गश्ती बढ़ाने के साथ पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। दुकानों में सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए रजिस्टर रखने की व्यवस्था की गई है।ड्यूटी के दौरान सुरक्षा कर्मी इसमें अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे। वहीं, कुछ प्रमुख बाजारों में सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है, जो संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
अपराध की रोकथाम को लेकर बाजार क्षेत्रों में बाइक जांच अभियान भी शुरू किया गया है। पुलिस गश्ती को प्रभावी बनाने के साथ ही बाजारों में लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों और व्यवसायियों से अपील की है कि बाजार में किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।पुलिस का कहना है कि टड़वा ज्वेलर्स लूट एवं हत्या मामले में कार्रवाई लगातार जारी है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Post a Comment