सीएचसी परिसर में चला सफाई अभियान, बुलडोजर से हटाई गईं झाड़ियां
अमेठी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेंटुआ परिसर में बारिश के बाद उगी घनी झाड़ियों और घास-फूस की सफाई का काम शुरू कराया गया। सोमवार दोपहर बाद परिसर में बुलडोजर लगाकर सफाई कराई गई। झाड़ियों की वजह से अस्पताल आने वाले मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।लगातार बारिश के कारण सीएचसी परिसर में जगह-जगह घनी झाड़ियां और घास उग आई थी। इससे मच्छरों के बढ़ने की आशंका के साथ ही जहरीले जीव-जंतुओं के छिपे होने का भी खतरा बना हुआ था। अस्पताल परिसर की खराब स्थिति को देखते हुए ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) जटाशंकर पांडे ने सफाई की जिम्मेदारी संभाली।बताया गया कि बीपीएम ने अपने निजी खर्चे से बुलडोजर मंगवाकर परिसर में उगी झाड़ियों और घास-फूस को हटवाने का काम शुरू कराया। बुलडोजर से सफाई होने के बाद अस्पताल परिसर के साफ और व्यवस्थित होने की उम्मीद है। बीपीएम जटाशंकर पांडे ने कहा कि सीएचसी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके तीमारदार आते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर को साफ और सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। सफाई अभियान से परिसर स्वच्छ होने के साथ ही मच्छरों और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी कम होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुभाष चंद्र पांडे सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने सफाई अभियान की सराहना की। कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल परिसर की स्वच्छता के लिए इस तरह की पहल से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
Post a Comment