शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षक, एआरपी, एसआरजी व डायट मेंटर्स सम्मानित
देवरिया। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), रामपुर कारखाना में बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जनपद स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम में सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी और रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया उपस्थित रहे। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक दिवस शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयास समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि शिक्षक समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ ही उनके व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि शिक्षक बच्चों को शिक्षा देने के साथ उनके भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े सभी कर्मियों को बधाई दी और इसी तरह बेहतर कार्य करते रहने की अपेक्षा की।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे शिल्पकार हैं। बेसिक शिक्षा विभाग का प्रयास है कि नवाचारी शिक्षकों के प्रयासों और नवाचारों के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों के शैक्षिक स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और मेंटर्स को अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। खंड शिक्षा अधिकारी देव मुनि वर्मा ने कहा कि समर्पित शिक्षक विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकीय ज्ञान देने के साथ उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन और जिज्ञासा का विकास करते हैं। नवाचारी शिक्षकों, एआरपी, एसआरजी और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की शिक्षिकाओं के प्रयास सराहनीय हैं।
समारोह में विभिन्न विकासखंडों से चयनित उत्कृष्ट एवं नवाचारी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की शिक्षिकाएं, एआरपी, एसआरजी और डायट मेंटर्स को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचारों के लिए प्रशस्ति पत्र, सम्मान पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता कुलदीप नारायण सिंह, इंद्रजीत ओझा, खंड शिक्षा अधिकारी देव मुनि वर्मा एवं विजय कुमार ओझा सहित बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक आशुतोष शुक्ला, गोरख यादव और महेंद्र मिश्र मौजूद रहे। मंच संचालन डॉ. पंकज शुक्ला एवं आलोक पाण्डेय ने किया।अंत में अतिथियों, अधिकारियों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
Post a Comment