शिकायत के बाद सीएचसी अमेठी पहुंचे एसडीएम, शुरू हुआ बंद अल्ट्रासाउंड
अमेठी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमेठी में पिछले कई महीनों से बंद पड़े अल्ट्रासाउंड की सुविधा को लेकर शिकायत के बाद मंगलवार सुबह उपजिलाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अल्ट्रासाउंड कक्ष को खुलवाकर स्थिति की जानकारी ली।शिकायत में बताया गया था कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा बंद होने के कारण गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा था। इसके लिए उन्हें बाहर पैसे खर्च करने पड़ रहे थे, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों से अल्ट्रासाउंड सेवा बंद होने का कारण पूछा।एसडीएम पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि अल्ट्रासाउंड करने वाले डॉक्टर के परिवार में समस्या होने के कारण वह छुट्टी पर चले गए थे। अस्पताल में अन्य कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण यह सुविधा बंद हो गई थी। एसडीएम ने बताया कि अब संबंधित डॉक्टर वापस आ गए हैं और सीएचसी अमेठी में दोबारा अल्ट्रासाउंड जांच शुरू कर दी गई है। इससे गर्भवती महिलाओं को अस्पताल परिसर में ही जांच की सुविधा मिल सकेगी और उन्हें बाहर निजी केंद्रों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
Post a Comment