घर से नाराज़ होकर निकला 10 वर्षीय मासूम आठ घंटे बाद मंदिर में मिला
अमेठी। बाजार शुकुल थाना क्षेत्र में घर से नाराज होकर लापता हुए 10 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने करीब आठ घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार शाम करीब साढ़े सात बजे बाजार शुकुल थाने को सूचना मिली कि एक 10 वर्षीय बच्चा घर से बिना बताए कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी अतुल सिंह की देखरेख में बच्चे की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही दो टीमों का गठन कर सर्च अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने देर रात तक संभावित स्थानों पर बच्चे की तलाश की। लगातार प्रयास के बाद सुबह करीब चार बजे बच्चा गांव के पास स्थित एक मंदिर में सुरक्षित मिल गया। पुलिस की पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वह घरवालों की डांट से नाराज होकर घर से निकल गया था और रात में मंदिर में जाकर छिप गया था। बच्चे के सुरक्षित मिलने की सूचना पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों को दी। परिजनों को थाने बुलाकर बच्चे को समझाया गया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे सकुशल परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे की तलाश में उपनिरीक्षक गुलाब सिंह और हेड कांस्टेबल रमेश चंद्र यादव की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बच्चे को सुरक्षित बरामद कर परिवार से मिलाने पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर संकट की स्थिति में पुलिस की तत्परता को सामने रखा।
Post a Comment