नए डीएम का दिखा असली रूप, दो घंटे में ही हुआ रास्ते के विवाद का समाधान
अमेठी। जिलाधिकारी की पहल पर आयोजित एक दिवसीय पूर्ण समाधान अभियान का असर धरातल पर देखने को मिला। जिलाधिकारी की जनसुनवाई में पहुंची एक शिकायत का महज कुछ ही घंटों में समाधान करा दिया गया। कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता समेत वार्ड के लोगों ने राहत की सांस ली।
मामला गौरीगंज नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 का है। वार्ड निवासी शेषनाथ प्रजापति ने जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है। इसके अलावा सीसी रोड पर जानवर बांधे जाने से रास्ते पर गंदगी रहती है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका गौरीगंज को मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।डीएम के निर्देश पर अधिशासी अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक मार्ग पर लगाए गए पशु बांधने के खूंटे हटवाए और रास्ते को पूरी तरह खाली करा दिया। मार्ग से अवरोध हटने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिली। समस्या का तत्काल समाधान होने पर शिकायतकर्ता शेषनाथ प्रजापति ने जिलाधिकारी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिकायत के कुछ ही घंटों के भीतर कार्रवाई होने से उन्हें उम्मीद जगी है कि प्रशासन जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित समाधान कर रहा है।एक दिवसीय पूर्ण समाधान अभियान के तहत हुई इस त्वरित कार्रवाई ने प्रशासनिक जनसुनवाई और मौके पर समाधान की प्रक्रिया को लेकर लोगों में सकारात्मक संदेश दिया है।
Post a Comment