जरूरतमंद छात्राओं को मिली साइकिल, नारी सशक्तिकरण की ओर बढ़ा कदम
बाराबंकी, 6 अक्टूबर। मुंशी रघुनंदन प्रसाद सरदार पटेल महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्राओं को साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी इशांत प्रताप सिंह ने कहा कि आज हर क्षेत्र में बेटियां बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उन्हें शारीरिक फिटनेस, खेलकूद और एडवेंचर गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेतृत्व के लिए आत्मविश्वास बेहद जरूरी है और आत्मविश्वास से भरा नेतृत्व किसी भी संस्था और संगठन को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम गोविंद इंडस्ट्रीज के एमडी कुशाल अग्रवाल एवं उनके परिवार तथा महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं के बीच पहुंचकर उनसे संवाद करना हमेशा सीखने और उन्हें प्रोत्साहित करने का अवसर देता है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रबंधक उमाशंकर वर्मा ‘मुन्नू भैया’ ने कहा कि बाराबंकी में महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री मुंशी रघुनंदन प्रसाद ने अपनी कृषि भूमि पर इस महाविद्यालय की स्थापना की थी। आज यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में पढ़ाई के साथ विभिन्न पाठ्य-सहगामी गतिविधियां भी कराई जाती हैं। जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने कुशाल अग्रवाल परिवार का आभार जताया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उषा चौधरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि छात्राओं को भारी बैग लेकर पैदल आते-जाते देखकर श्रीमती रचना अग्रवाल ने उनकी परेशानी को महसूस किया और साइकिल उपलब्ध कराने की पहल की। उन्होंने कहा कि कुशाल परिवार की यह पहल नारी सशक्तिकरण और छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है। पटेल संस्था के अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार वर्मा ने जिलाधिकारी सहित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बीए, बीएससी और एमए की लगभग 50 जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल वितरित की गईं। साइकिल मिलने से छात्राओं में खुशी का माहौल रहा और उन्होंने इसे अपनी पढ़ाई के लिए उपयोगी बताते हुए आयोजकों का आभार जताया।
कार्यक्रम में कुशाल अग्रवाल, सुशील कुमार अग्रवाल, रचना अग्रवाल, अनन्या अग्रवाल, दिव्यांग अग्रवाल, रिंपन कंसल, सरदार भूपेंद्र सिंह, दीपक जैन, सुरेंद्र पाल चावला, मनोज टंडन, नवीन सेठ, डॉ. वीरेंद्र पटेल, डॉ. सिफतुज ज़हरा, उप प्रधाना चार्य,सहित अनेक गणमान्य नागरिक, महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमित सिंह, प्रवक्ता समाजशास्त्र ने किया।
Post a Comment