⚡ ब्रेकिंग News

सड़क की बदहाली पर डीएम जताई नाराजगी, रोड मरम्मत का कार्य शुरू

सड़क की बदहाली पर डीएम जताई नाराजगी, रोड मरम्मत का कार्य शुरू

केएमबी खुर्शीद अहमद
अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद ककवा रोड पर सड़क मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर जगह-जगह गड्ढे मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को दो दिनों के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशों का असर आज शनिवार सुबह ही दिखाई देने लगा। सुबह करीब 9:30 बजे ककवा रोड पर गिट्टी डालकर गड्ढों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। प्रशासन की इस सक्रियता से उम्मीद जगी है कि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार होगा और राहगीरों को आवागमन में राहत मिलेगी।
आगामी दुर्गा पूजा के समापन और प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर जिलाधिकारी ने सड़क की खराब स्थिति को गंभीरता से लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अभियंताओं को निर्देश दिया कि सड़क के गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।डीएम ने कहा कि त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों और प्रतिमा विसर्जन स्थलों तक पहुंचते हैं। ऐसे में सड़कों का सुरक्षित और सुगम होना बेहद जरूरी है। खराब सड़कों के कारण न केवल लोगों को असुविधा होती है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के साथ ही उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम केवल औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि लोगों को वास्तविक राहत देने के उद्देश्य से किया जाना चाहिए। निर्धारित समयसीमा के बाद सड़क की दोबारा जांच कर कार्य की गुणवत्ता का आकलन भी किया जाएगा।जिलाधिकारी के रात में किए गए निरीक्षण के बाद अगले ही दिन मरम्मत कार्य शुरू होने से प्रशासनिक सक्रियता सामने आई है। अब लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि ककवा रोड के गड्ढों की मरम्मत तय समय में पूरी होती है या नहीं और त्योहार के दौरान राहगीरों को कितनी राहत मिलती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...