नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं मूर्ति विसर्जन को लेकर जगदीशपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च
अमेठी। आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं मूर्ति विसर्जन को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जगदीशपुर कस्बे में उप जिलाधिकारी मुसाफिरखाना एवं थानाध्यक्ष जगदीशपुर ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने आमजन से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही, त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुगम यातायात एवं आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो और श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। प्रशासन एवं पुलिस का उद्देश्य सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए जनपद में सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
Post a Comment