सीवान पहुंचे शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल, समीक्षा बैठक में मचा हड़कंप
शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, शिक्षकों की उपस्थिति से लेकर AI तकनीक के इस्तेमाल तक हुई समीक्षा
सीवान। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने शनिवार को सीवान जिले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिलाधिकारी की उपस्थिति में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में जिले के सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) एवं सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुखी बनाना रहा।
बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव ने शिक्षा विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कायाकल्प अभियान के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा एवं आधारभूत संरचना से संबंधित कायाकल्प अभियान पर विशेष चर्चा हुई। अपर मुख्य सचिव ने विद्यालयों में रंग-रोगन, आंतरिक एवं बाहरी पेंटिंग तथा आवश्यक लघु मरम्मत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का वातावरण स्वच्छ, सुंदर एवं विद्यार्थियों के अनुकूल होना चाहिए।
भूमिहीन और भवनहीन विद्यालयों की स्थिति की हुई समीक्षा
जिले में संचालित भूमिहीन एवं भवनहीन विद्यालयों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। ऐसे विद्यालयों के लिए भूमि एवं भवन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
शिक्षकों की उपस्थिति पर रहेगी विशेष निगरानी
बैठक में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं अनुशासन को शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए अपर मुख्य सचिव ने सभी विद्यालयों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने उपस्थिति की सतत निगरानी करने तथा विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित कराने पर विशेष बल दिया।
हर सरकारी विद्यालय में होगा वृक्षारोपण अभियान
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में वृक्षारोपण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहने, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
कक्षावार और विषयवार रूटीन से होगी पढ़ाई
विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए कक्षावार एवं विषयवार समय-सारणी तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि निर्धारित रूटीन के अनुसार ही शिक्षण कार्य संचालित हो, ताकि प्रत्येक विषय की नियमित पढ़ाई सुनिश्चित की जा सके और विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार हो।
शिक्षण व्यवस्था में AI तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
आधुनिक तकनीक के उपयोग को लेकर बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित शिक्षण संसाधनों पर भी चर्चा हुई। इसके माध्यम से पढ़ाई को अधिक रोचक, प्रभावी एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। शिक्षा व्यवस्था को समय के अनुरूप आधुनिक तकनीक से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
सेवानिवृत्त पदाधिकारियों के अनुभव का मिलेगा विद्यार्थियों को लाभ
बैठक में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। सिवान नगर क्षेत्र के विद्यालयों में अंग्रेजी, गणित एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई में सहयोग के लिए इच्छुक एवं योग्य सेवानिवृत्त पदाधिकारियों की स्वैच्छिक शैक्षणिक सेवाएं लेने की संभावना पर विचार किया गया। ऐसे सेवानिवृत्त पदाधिकारी, जो सेवानिवृत्ति के बाद अपनी इच्छा से विद्यार्थियों को पढ़ाना चाहते हैं, उनके अनुभव एवं विशेषज्ञता का लाभ बच्चों तक पहुंचाने के विकल्प पर गंभीरता से विमर्श हुआ।
शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ शिक्षण की गुणवत्ता, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार के लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
इस समीक्षात्मक बैठक में जिलाधिकारी, सीवान, प्रभारी जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Post a Comment