अमेठी में सड़क हादसे में रिटायर्ड सूबेदार की मौत, परिवार में मचा कोहराम
कमरौली थाना क्षेत्र में NH-731 पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
अमेठी। जनपद अमेठी के कमरौली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-731 पर शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में सेना के सेवानिवृत्त सूबेदार की मौत हो गई। सिरियारी मोड़ स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 55 वर्षीय प्रदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए जगदीशपुर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदीप सिंह मूल रूप से सुल्तानपुर जनपद के धनपतगंज क्षेत्र के नवगवां गांव के निवासी थे। वह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) में सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत थे।बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम वह ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान कमरौली थाना क्षेत्र के सिरियारी मोड़ के पास एचपी पेट्रोल पंप के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। स्थानीय स्तर पर उपचार की व्यवस्था करते हुए उन्हें जगदीशपुर ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने में जुटी है। हादसे के बाद वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
Post a Comment