मैरवा में अवैध क्लीनिकों पर बड़ी कार्रवाई, आधा दर्जन संस्थान सील
केएमबी ब्यूरो मुकुल बरनवाल
मैरवा (सीवान): मैरवा प्रखंड में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन संस्थानों को सील कर दिया। इस कार्रवाई से निजी स्वास्थ्य संस्थानों के संचालकों में हड़कंप मच गया है।
जिलाधिकारी को मिली शिकायतों में बताया गया था कि कई प्रतिष्ठान स्वास्थ्य विभाग के नियमों के विपरीत मनमाने ढंग से संचालित हो रहे हैं। पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड केंद्रों के माध्यम से मरीजों से धन उगाही और शोषण की भी शिकायत सामने आई थी। शिकायत के आधार पर जिलाधिकारी के आदेश पर छापेमारी की गई।
अनुमंडल पदाधिकारी (सिवान सदर) आशुतोष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की। टीम में मैरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रवि प्रकाश, अंचलाधिकारी राहुल कुमार तथा स्थानीय पुलिस बल शामिल थे।
छापेमारी के दौरान एक मकान में छुपाकर रखी गई अल्ट्रासाउंड मशीन भी बरामद की गई, जो नियमों के विरुद्ध संचालित किए जाने की आशंका में सील की गई।
सील किए गए संस्थान
कार्रवाई की जद में आए संस्थानों में शामिल हैं:
साई हॉस्पिटल
माँ मंजू हॉस्पिटल
जीवन ज्योति हॉस्पिटल
माँ शारदा हॉस्पिटल
बिहार जांच घर
श्री राधे डायग्नोस्टिक सेंटर
इन संस्थानों के विरुद्ध अवैध संचालन की शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
कागजात की होगी जांच
एसडीओ आशुतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि संचालकों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया है। दस्तावेजों की जांच के बाद यदि सब कुछ नियमों के अनुरूप पाया गया तो सील हटाने पर विचार किया जाएगा। लेकिन जिन संस्थानों के कागजात सही नहीं पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवैध स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहने की बात भी कही गई है।
Post a Comment