डीएम के आदेश पर 10 दिन बाद कब्र से निकाला गया महिला का शव, हत्या के आरोप के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
तिलोई,अमेठी। जनपद अमेठी की तहसील तिलोई के थाना मोहनगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा फूला के गांव शुक्लापुर में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिली। जिलाधिकारी के आदेश पर मौत के करीब दस दिन बाद कब्र से शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जानकारी के अनुसार शुक्लापुर निवासी रुखसाना बानो, पुत्री इश्तियाक अहमद की करीब दस दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों द्वारा बिना पोस्टमार्टम के ही शव को दफना दिया गया था। बाद में मायके पक्ष ने महिला की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और पोस्टमार्टम कराने की मांग की।मायके पक्ष का आरोप है कि मृतका के गले पर संदिग्ध निशान पाए गए थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। प्रशासनिक आदेश के तहत नायब तहसीलदार की मौजूदगी तथा पुलिस की निगरानी में कब्र से शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।
Post a Comment