नांदिया-सालीवाड़ा में चैत्र नवरात्रि महोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, 131 अखण्ड ज्योति कलश का हुआ विसर्जन
सिवनी। नांदिया-सालीवाड़ा के मध्य स्थित मां षष्ठी देवी मंदिर में चैत्र नवरात्रि महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से सम्पन्न हुआ। इस दौरान 131 अखण्ड ज्योति कलश की स्थापना से लेकर राम नवमी के पावन अवसर पर कलश विसर्जन तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बेठकी के दिन अखण्ड ज्योति कलश की स्थापना की गई, जिसमें क्षेत्र सहित दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी की पूजा-अर्चना की। पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान मनोकामना कलश ज्योति दर्शन एवं श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन समस्त जनकल्याण के उद्देश्य से किया गया। कथा का वाचन पूज्य गुरुदेव पंडित नारायण प्रसाद शास्त्री (बंजारी वाले) के मुखारविंद से किया गया, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। राम नवमी के अवसर पर कार्यक्रम का समापन विधि-विधान के साथ किया गया। इस दिन सुबह 7 बजे देवी पाठ परायण, 11:30 बजे हवन पूजन, दोपहर 1 बजे श्रीमद् भागवत कथा, 3 बजे मनोकामना कलश ज्योति विसर्जन तथा शाम 4 बजे विशाल महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया।
कलश विसर्जन के पश्चात कन्या पूजन एवं कन्या भोजन कराया गया। साथ ही आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस भव्य धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया।
Post a Comment