तिलोई में गैस सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ता परेशान, एजेंसी की जांच के आदेश
अमेठी। तिलोई क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की कमी से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग कराने के बाद भी उन्हें लंबे समय तक सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है।बताया जा रहा है कि तिलोई स्थित सुरेश गैस एजेंसी पर गैस वितरण के दौरान उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जमा हो रही है। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग एजेंसी के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो जाते हैं, लेकिन पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार सिलेंडर वितरण के दौरान अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिल रही है। कई बार सिलेंडर लेने को लेकर उपभोक्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और कहासुनी की घटनाएं भी सामने आई हैं। इससे क्षेत्र के लोगों में एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ गई है।
मामले को लेकर स्थानीय पत्रकारों ने एसडीएम तिलोई से बातचीत की। एसडीएम तिलोई अमित सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह स्वयं और सीओ तिलोई दिनेश मिश्रा मौके पर पहुंचकर गैस एजेंसी की जांच करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान एजेंसी की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और गैस वितरण व्यवस्था सुचारु हो सके।
Post a Comment