एसपी के निर्देशन में शिवरतनगंज पुलिस का फ्लैग मार्च, लोगों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा
तिलोई,अमेठी। पुलिस अधीक्षक सर्वानंद के निर्देशन में जनपद में मुसलमानों के महापर्व ईद को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में थाना शिवरतनगंज पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा शांति और भाईचारे के साथ त्यौहार मनाने की अपील की। थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्र के नेतृत्व में पुलिस बल ने कस्बा शिवरतनगंज सहित आसपास के गांवों और बाजार क्षेत्रों में पैदल गश्त करते हुए फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस टीम ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष रूप से निगरानी की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से संवाद भी किया तथा उन्हें आश्वस्त किया कि त्यौहार के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि ईद के मद्देनजर क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ा दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी लोग ईद का त्यौहार शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं। फ्लैग मार्च में थाना शिवरतनगंज के पुलिसकर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Post a Comment