इन्हौना चौराहे पर नाला खुदने से बढ़ी जाम की समस्या
अमेठी। तहसील तिलोई क्षेत्र अंतर्गत इन्हौना चौराहे पर नाला खुदाई के बाद जाम की समस्या और गंभीर हो गई है। बस स्टेशन की कई बसें सड़क पर ही खड़ी हो जाती हैं, जिससे चौराहे पर अक्सर भीड़ और जाम की स्थिति बन जाती है। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे के पास नाला खोदने के बाद सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। ऐसे में बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर जाम लग जाता है और लोगों को देर तक इंतजार करना पड़ता है। इस संबंध में बबलू, सौरभ, रोहित, के.के. गुप्ता और नरेश ने बताया कि नाला खुदने के बाद से चौराहे पर भीड़ पहले से ज्यादा होने लगी है। बसों के सड़क पर खड़े होने से स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे लोगों को रोजाना जाम का सामना करना पड़ता है। इस मामले में जब संबंधित अधिकारी आशुतोष (सीआरओ) से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मिस्त्री के यहां कुछ तकनीकी दिक्कत आ जाने के कारण काम में देरी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या को जल्द दूर कराकर काम दोबारा शुरू कराया जाएगा।
Post a Comment