नलकूप की दीवार से टकराई तेज रफ्तार बाइक, इकलौते सहारे की बुझ गई जिंदगी
सिंहपुर,अमेठी। शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के फूला-जुगराजपुर मार्ग पर सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नलकूप (ट्यूबवेल) भवन की दीवार से जा टकराई, जिससे यह भीषण हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, फूला गांव निवासी अनूप उर्फ गौरव (25 वर्ष) सोमवार शाम अपने साथी अमन के साथ बाइक से घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गांव के पास पहुंचते ही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे बने नलकूप की दीवार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। हालांकि, अनूप की चोटें इतनी गंभीर थीं कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं घायल अमन का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जहां डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
इकलौते सहारे की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक अनूप के जीवन की कहानी बेहद मार्मिक है। परिजनों के अनुसार, उसके माता-पिता का साया पहले ही सिर से उठ चुका था और वह परिवार का इकलौता सहारा था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment