अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान
सुलतानपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में मंगलवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत मेधावी छात्राओं के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी द्वारा अनुमोदित कार्ययोजना के तहत मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में हुआ, जिसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती नीलम प्रभात ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत सेल्फी प्वाइंट पर जागरूकता संदेश के साथ गैस युक्त गुब्बारे छोड़कर की गई। इसके बाद सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा। जिला प्रोबेशन अधिकारी वी.पी. वर्मा ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना और महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर वर्ष 2025 में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10-10 मेधावी छात्राओं को ₹5000 के डेमो चेक और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट परीक्षा में 93.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा को ₹20,000 का डेमो चेक और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में कीर्ति त्यागी को 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर ₹5000 का चेक और शील्ड प्रदान की गई।
इसके अलावा सीबीएसई बोर्ड की मेधावी छात्राओं को सम्मान प्रमाणपत्र और स्कूल बैग देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
Post a Comment