चार दिन पहले घरेलू हिंसा की खबर चलाने पर पत्रकार को मिली धमकी
तिलोई,अमेठी। शिवरतन गंज थाना क्षेत्र के गंगागंज 132 पावर ग्रिड सिंहपुर से सामने आए घरेलू हिंसा प्रकरण में नया घटनाक्रम सामने आया है। चार दिन पहले पुलिस की मदद से पीड़ित महिला को उसके पति के पास सुरक्षित पहुंचाया गया था, वहीं अब इस मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को फोन पर धमकी और गाली-गलौज किए जाने का आरोप लगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनऊ निवासी पीड़िता अनु शुक्ला ने अपने पति सुधांशु शुक्ला पर शराब के नशे में मारपीट और गाली-गलौज कर बच्चों समेत घर से निकालने का आरोप लगाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जन एक्सप्रेस समाचार पत्र तिलोई संवाददाता अंकित त्रिवेदी द्वारा पहल की गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला और उसके बच्चों को सुरक्षित उनके पति के आवास पहुंचाया। बताया जा रहा है कि महिला का पति उक्त पावर ग्रिड में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। घटना के चार दिन बाद संवाददाता को मोबाइल नंबर +91 63933 53266 से कॉल प्राप्त हुई। आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को जेई सुधांशु शुक्ला का प्रतिनिधि वकील बताते हुए पत्रकार के साथ गाली-गलौज की और धमकी दी।पत्रकार द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पत्रकारों में इस घटना को लेकर रोष व्याप्त है।
Post a Comment