भीषण गर्मी के चलते 15 जून तक बंद रहेंगे आंगनबाड़ी केंद्र, डीएम ने जारी किया आदेश
केएमबी संवाददाता
सुल्तानपुर। जनपद में पड़ रही तेज गर्मी, प्रचण्ड धूप और लू के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बड़ा फैसला लिया है। आदेश के अनुसार जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन 20 मई 2026 से 15 जून 2026 तक बंद रहेगा। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पहले से ही ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित है। अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्र प्राथमिक विद्यालय परिसरों में संचालित होते हैं और यहां आने वाले बच्चे आयु में छोटे होने के कारण तेज गर्मी और लू से अधिक प्रभावित हो सकते हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि अवकाश अवधि के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की ड्यूटी जारी रहेगी। उन्हें लाभार्थियों को अनुपूरक पुष्टाहार वितरण, बच्चों का वजन, गृह भ्रमण, पोषण ट्रैकर पर फीडिंग, निर्धारित सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन, वीएचएसएनडी सत्र तथा आरबीएसके टीम के साथ बच्चों की स्वास्थ्य जांच और संदर्भन जैसे कार्य नियमित रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अवकाश अवधि में बिना सक्षम अधिकारी से अनुमति लिए कोई भी आंगनबाड़ी कार्यकत्री या सहायिका केंद्र अथवा मुख्यालय नहीं छोड़ेगी।
Post a Comment