मेहनत और लगन से आकाश डेहरिया ने रचा इतिहास, बीएचईएल में ऑल इंडिया तीसरी रैंक हासिल कर बढ़ाया सिवनी का मान
सिवनी। जिले के छोटे से गांव धपारा के रहने वाले युवा आकाश डेहरिया ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले आकाश ने भारत सरकार के प्रतिष्ठित संस्थान Bharat Heavy Electricals Limited (बीएचईएल) में ऑल इंडिया स्तर पर तीसरी रैंक प्राप्त कर इतिहास रच दिया।
आकाश डेहरिया पिता लिखई डेहरिया एवं माता सरोज डेहरिया के पुत्र हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति शुरू से ही बेहद कमजोर रही। माता-पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते रहे और बेटे को पढ़ाने के लिए हर संभव संघर्ष किया। आज बेटे की इस सफलता से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है तथा बधाई देने वालों का घर पर तांता लगा हुआ है।
आकाश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्राम धपारा में प्राप्त की। इसके बाद हाई स्कूल की पढ़ाई धूमा, कॉलेज की शिक्षा घंसौर तथा आईटीआई की पढ़ाई भी सरकारी संस्थानों से पूरी की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और घर पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते रहे। खेती-किसानी और गाय-भैंस चराने के साथ पढ़ाई जारी रखकर उन्होंने अपने सपनों को साकार किया।
परिजनों के अनुसार आकाश बचपन से ही बेहद शरारती स्वभाव के रहे हैं। उनकी नटखट हरकतों के कई किस्से आज भी परिवार और गांव वालों के बीच चर्चा का विषय बने रहते हैं। लेकिन पढ़ाई और कुछ बड़ा करने की चाह हमेशा उनके अंदर रही। यही कारण है कि आज उन्होंने पूरे भारत में तीसरी रैंक हासिल कर परिवार और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। आकाश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, भाई-बहनों एवं पूरे परिवार के सहयोग और आशीर्वाद को दिया है। उन्होंने कहा कि यदि इंसान मेहनत और ईमानदारी से प्रयास करे तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। गांव और क्षेत्र के लोगों ने आकाश डेहरिया की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
Post a Comment