रिटायर्ड कर्मचारी से 6.99 लाख की साइबर ठगी, यूनियन बैंक खाते से एफडी तोड़कर निकाले गए पैसे
केएमबी शंभू नाथ दबे
देवरिया। साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शहर के मालवीय रोड स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा के एक सेवानिवृत्त खाताधारक के खाते से साइबर ठगों ने धोखाधड़ी कर 6 लाख 99 हजार रुपयेनिकाल लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम शाखा में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पीड़ित की पहचान सुर्ती हट्टा रोड, देवरिया निवासी श्याम सुंदर गोयल पुत्र स्वर्गीय सत्यनारायण प्रसाद गोयल के रूप में हुई है। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनका यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मालवीय रोड शाखा में खाता है। गोयल के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को उनके खाते से विभिन्न माध्यमों से कुल 6.99 लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने उसी दिन साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसका शिकायत क्रमांक 33104260094469 है। तहरीर में बताया गया है कि 30 अप्रैल को पीड़ित द्वारा कोई ऑनलाइन लेनदेन नहीं किया गया था, फिर भी उनके खाते से संदिग्धट्रांजेक्शन हुए। इतना ही नहीं, खाते से लिंक फिक्स डिपॉजिट (एफडी) को भी समय से पहले तोड़कर रकम निकाली गई। पीड़ित ने बैंक स्टेटमेंट की प्रति भी पुलिस को सौंपी है, जिसमें ये संदिग्ध ट्रांजेक्शन दर्ज हैं।
श्याम सुंदर गोयल ने यह भी बताया कि 29 और 30 अप्रैल को उनके मोबाइल पर कई संदिग्ध फोन कॉल और व्हाट्सएप कॉल आए थे। आशंका जताई जा रही है कि साइबर ठगों ने इन्हीं कॉल के जरिए उनकी बैंकिंग जानकारी हासिल कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह एक सेवानिवृत्त अर्धसरकारी कर्मचारी हैं और यह उनकी जीवनभर की जमा पूंजी है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच कर उनकी रकम वापस दिलाने का अनुरोध किया है। इस मामले में साइबर क्राइम थाना देवरिया के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने तहरीर केआधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर फ्रॉड से जुड़े तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
Post a Comment