नाले में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
अमेठी। जनपद के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र अंतर्गत कादूनाला में नहाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि पश्चिम गांव दौलतपुर लोनहट निवासी नदीम पुत्र नसीर (21 वर्ष) एवं शहीम पुत्र जलील (20 वर्ष) सोमवार दोपहर बाइक से घर से घूमने के लिए निकले थे। देर रात तक दोनों के घर वापस न लौटने पर परिजनों और रिश्तेदारों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।इसी दौरान कादूनाला के किनारे दोनों युवकों की बाइक और कपड़े पड़े मिलने से अनहोनी की आशंका गहरा गई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से कादूनाला में तलाश अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव नाले से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
Post a Comment