जिलाधिकारी ने प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, बच्चों से पूछे सवाल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार सुबह करीब नौ बजे प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए प्राथमिक विद्यालय दानोपुर एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, पठन-पाठन तथा छात्रों के शैक्षिक स्तर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद कर विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे तथा उनकी पढ़ाई की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा उनमें लगन और मेहनत की भावना विकसित की जाए।
जिलाधिकारी सबसे पहले प्राथमिक विद्यालय दानोपुर पहुंचे, जहां उन्होंने कक्षा दो एवं पांच के विद्यार्थियों से बातचीत की। कक्षा दो के बच्चों से अंग्रेजी पढ़वाई तथा कक्षा पांच के विद्यार्थियों से ब्लैकबोर्ड पर गणित का प्रश्न पूछा। बच्चों द्वारा सही उत्तर दिए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और शिक्षकों की सराहना की। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र पहुंचे, जहां उन्होंने नामांकन की स्थिति की जानकारी ली तथा कक्षा सात के विद्यार्थियों से गणित एवं अंग्रेजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछे। यहां भी बच्चों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की तथा शिक्षकों को इसी प्रकार लगन के साथ अध्यापन कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय दानोपुर में एक ओर बाउंड्रीवाल नहीं होने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी से फोन पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय प्राथमिक विद्यालय दानोपुर में सहायक अध्यापक दिनेश सिंह, नीलम मौर्य एवं शिक्षामित्र पिंकी राय उपस्थित रहीं, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र में प्रधानाध्यापक अर्चना सिंह एवं सहायक अध्यापक पूनम सिंह मौजूद रहीं।
Post a Comment