अमेठी के 37 विद्यालयों में खुलेंगी प्रेरणा कैंटीन, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी संचालन
अमेठी। जिले के छात्र-छात्राओं को पौष्टिक एवं सस्ता भोजन उपलब्ध कराने तथा महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिले के 37 हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कॉलेजों में जल्द ही "प्रेरणा कैंटीन" स्थापित की जाएंगी, जिनका संचालन स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं करेंगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि यह योजना उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित की जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी आय में वृद्धि करना तथा विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में ही पौष्टिक नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराना है।
जनपद में वर्तमान समय में लगभग 1,070 महिला स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनमें प्रत्येक समूह में 10 से 12 सदस्य शामिल हैं। प्रेरणा कैंटीन विद्यालय के समय के अनुसार संचालित होंगी, जिससे छात्र-छात्राओं को सस्ते और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकेंगे।
जानकारी के अनुसार जिले के 15 हाईस्कूल एवं 22 इंटर कॉलेजों को इस योजना में शामिल किया गया है। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज मऊ अटवारा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फुरसतगंज, अमेठी, जायस तथा आरआरपीएस इंटर कॉलेज समेत अन्य शिक्षण संस्थान शामिल हैं।
उपायुक्त (स्वतः रोजगार) प्रवीण शुक्ला ने बताया कि कैंटीन संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। चयनित विद्यालयों में स्थानीय स्तर पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जिससे उन्हें रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
Post a Comment