सिवान को मिलेगी 415 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, पपौर में सहयोग शिविर में शामिल होंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
सिवान,15 जून। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को सिवान जिले के पचरुखी प्रखंड अंतर्गत पपौर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जिले को 415.18 करोड़ रुपये की 44 विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 18 योजनाओं का शिलान्यास तथा 26 योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना-3 के अंतर्गत संचालित 'सबका सम्मान, जीवन आसान' अभियान के तहत आयोजित सहयोग शिविर में भाग लेंगे। राज्य सरकार द्वारा जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में पचरुखी प्रखंड के पपौर पंचायत भवन परिसर में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 178.38 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली 18 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 236.80 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 26 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। कुल मिलाकर 415.18 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास मुख्यमंत्री के हाथों संपन्न होगा। इन योजनाओं से जिले में आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, ऊर्जा तथा अन्य जनोपयोगी क्षेत्रों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभुकों को मिल रही सुविधाओं तथा विभागीय उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करेंगे। शिविर में जीविका, स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, कृषि विभाग, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, जिला भू-अर्जन कार्यालय, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, समाज कल्याण विभाग (आईसीडीएस), सहकारिता विभाग, ऊर्जा विभाग, परिवहन विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, डीआरसीसी, जिला उद्योग केंद्र, खेल विभाग तथा वन विभाग सहित कुल 20 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। सहयोग शिविर में आम लोगों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान करने का भी प्रयास किया जाएगा। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे तथा लोगों की शिकायतों और आवेदनों का त्वरित निष्पादन करेंगे। सरकार की मंशा प्रशासन को पंचायत स्तर तक पहुंचाकर आमजन को सीधे लाभ पहुंचाने की है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। वे राज्य सरकार की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पचरुखी सहित पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा कार्यक्रम स्थल की तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Post a Comment