खिलवा गांव चोरी कांड का खुलासा, चोरी का सामान बरामद, तीन गिरफ्तार
सीवान। गुठनी थाना क्षेत्र के खिलवा गांव में गत 25 मई की रात हुई चर्चित चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। तकनीकी अनुसंधान, टावर डंप विश्लेषण एवं गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने चोरी के सामान के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले के खुलासे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है तथा पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। जानकारी के अनुसार, 25 मई की रात खिलवा गांव निवासी छोटे तिवारी के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के जेवरात एवं अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली थी। घटना के बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर गुठनी थाना में कांड संख्या 170/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। चोरी की इस घटना को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा थी और ग्रामीण जल्द खुलासे की मांग कर रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मोबाइल टावर डंप का विश्लेषण किया। इसके आधार पर संदिग्धों की पहचान कर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के बड़ईपट्टी निवासी अमित कुमार राम (28) तथा दरौली थाना क्षेत्र के अमरपुर बेलछरा गांव निवासी झुनी देवी (35) और मधु देवी (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई एक सोने की अंगूठी, एक सोने का मंगटीका, एक चांदी की करधनी, एक गैस सिलेंडर, एक ओप्पो मोबाइल फोन, एक इन्वर्टर और एक बैटरी बरामद की गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी जब्त की गई है।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी की इस घटना में अन्य लोगों की भी संलिप्तता थी या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और यदि अन्य आरोपितों की भूमिका सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बरामद सामान को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है तथा गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक निरंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मो. मशहूर आलम, परिचारी पुलिस अवर निरीक्षक राजनंदनी कुमारी सहित विशेष छापेमारी दल के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिससे आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।
Post a Comment