कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा, 7 केंद्रों पर 2791 अभ्यर्थी शामिल
अमेठी। जिले में राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता भर्ती परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच शुरू हुई। जिले के 7 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 2791 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक दो घंटे की एकल पाली में संपन्न कराई जा रही है।
परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो पूरी परीक्षा प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। गेट पर मेटल डिटेक्टर के माध्यम से तलाशी ली गई और मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा कक्ष में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया।
परीक्षा केंद्रों के भीतर सीसीटीवी कैमरों के जरिए गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। फिलहाल सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में जारी है।
Post a Comment