साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान और नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यशाला आयोजित
बरघाट। शासकीय महाविद्यालय बरघाट में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक उद्देश्य से "सेफ क्लिक 2.0" साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान तथा नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला महाविद्यालय प्राचार्य डॉ बीएल इनवाती के संरक्षण में आयोजित हुई। कार्यक्रम में एसडीओपी ललित गठरे एवं थाना प्रभारी मोहनीश सिंह बैस ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी अथवा पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर दें।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ प्रदीप त्रिवेदी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। विद्यार्थियों को तकनीक का उपयोग ज्ञान, नवाचार और सकारात्मक उद्देश्यों के लिए करना चाहिए तथा किसी भी प्रकार के साइबर अपराध या भ्रामक गतिविधि से सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान का उद्देश्य केवल नशे से दूरी बनाना नहीं, बल्कि युवाओं में स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार जीवनशैली का विकास करना भी है। यदि युवा साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहें और नशे से दूर रहें, तो वे स्वयं के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के लिए भी एक सकारात्मक उदाहरण बन सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से इन दोनों अभियानों के संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों के बारे में भी जागरूक किया गया। वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उपस्थित समस्त विद्यार्थियों को नशामुक्ति शपथ दिलाई गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान प्रस्तुत किया। अंत में विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यशाला के दौरान पुलिस थाना बरघाट का स्टॉफ, महाविद्यालय परिवार से डॉ. प्रदीप त्रिवेदी, प्रो पंकज गहरवार,डॉ आरती भीमटे, दुर्गेश बोपचे, मानेश्वर बिसेन सहित प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। जन अभियान परिषद ब्लॉक समन्वयक शोभना ठाकरे और विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
Post a Comment