गश्ती के दौरान वन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई, सागौन लकड़ी सहित चार आरोपी गिरफ्तार
छिंदवाड़ा, 4 जून 2026। वन परिक्षेत्र कुंभपानी बफर अंतर्गत वन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से सागौन लकड़ी का परिवहन कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सागौन लट्ठे एवं दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 03-04 जून 2026 की दरम्यानी रात्रि में गश्ती के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बंधानमाल से खमरियामाल मार्ग पर कुछ व्यक्ति अवैध रूप से सागौन लकड़ी का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर वन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त रूप से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम बंधानमाल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार व्यक्ति सागौन लट्ठे ले जाते हुए दिखाई दिए। टीम द्वारा उनका पीछा कर ग्राम खमरियामाल के पास घेराबंदी कर रोक लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विशाल पिता गोदन सर्राठे, भीम पिता मिट्ठू इनवाती, धर्मेन्द्र पिता धनीराम खानवे तथा सीम पिता गोदन सर्राठे, सभी निवासी ग्राम बंधानमाल, बताए। मौके से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-28-जेडजे- 8982 एवं हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-28-जेडएफ-3388 सहित 03 नग सागौन लट्ठे (कुल 0.148 घनमीटर) जब्त किए गए।
पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध पी.ओ.आर. प्रकरण क्रमांक 46081/23 दिनांक 04 जून 2026 को पंजीबद्ध कर भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26(क) तथा मध्यप्रदेश वनोपज (व्यापार विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5(1)(ग) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
उक्त कार्रवाई में श्री सुनील कुमार कुमरे (परिक्षेत्र सहायक सिंगारदीप), कन्हैयालाल धुर्वे, पवन सहरिया, रंजीत सिंह रघुवंशी (वनरक्षक) एवं सुरक्षा श्रमिक शामिल रहे। साथ ही पुलिस थाना बिछुआ के अधिकारी एवं कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
Post a Comment