श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिवस सुदामा चरित्र की कथा सुन श्रोता हुए भावविभोर
तिलोई अमेठी। बीते एक सप्ताह से कुकहा न्यायपंचायत अंतर्गत मिर्ज़ागढ़ गांव में श्री मदभागवत कथा चल रही थी । रविवार को कथा के अंतिम दिवस कथा व्यास पंडित सरोज शास्त्री जी महाराज ने सुदामा चरित्र का मार्मिक वर्णन किया । करुण रस से ओतप्रोत सुदामा चरित्र की कथा सुनकर काफी श्रोता भाव विभोर हो गए । कथा में व्यासपीठ ने बताया कि भगवान कृष्ण लीला में यदि सुदामा का चरित्र न होता तो दुनिया कृष्ण के एक पक्ष से अछूती रह जाती । कर्मयोगेश्वर कृष्ण ने दुनिया को सिखाया कि मित्रता कैसे निभाई जाती है । कथा के अंत में परीक्षित मोक्ष की कथा सुनाई गई । राजा परीक्षित अपने कर्म से ही श्रापित हुए थे । श्राप से मुक्ति हेतु उन्होंने अपने अंतिम दिनों में भगवान की चर्चा सुनी और उनको मोक्ष की प्राप्ति हुई । मनुष्य का अंतिम लक्ष्य भी मोक्ष ही है । मनुष्य अपने सद्कर्मों से ही मोक्ष की प्राप्ति कर सकता है । कर्म तभी पवित्र होंगे जब विचार और सोंच सही होगी । विचार शुद्ध करने के लिए मनुष्य को संतो का संग करना पड़ेगा । आज चकाचौंध भरी दुनिया में मनुष्य माया के पीछे भाग रहा है । संतोष नाम की कोई चीज मनुष्यता में दिखाई नहीं दे रही है । यही कारण है कि आज मानसिक तनाव आम हो गया है । तनाव बढ़ने से मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों शरीर में दस्तक दे रही हैं । कथा के यजमान आजाद कश्यप ने बताया कि यजमान के रूप में कथा श्रवण करना सौभाग्य की बात है । कई जन्मों के पुण्य अर्जित होते हैं तब ऐसा अवसर प्राप्त होता है । वहीं कथा में मौजूद महेश सिंह ने बताया कि कथा समाप्ति के बाद 22 जून को विशाल भंडारे का आयोजन है जिसमें लगभग 12 हजार लोगों के प्रसाद की व्यवस्था की गई है । कमेटी कोषाध्यक्ष ब्रजेश प्रजापति ने कहा कि क्षेत्र वासियों का अपार सहयोग कथा में मिल रहा है सभी के आर्थिक सहयोग से कमेटी की जिम्मेदारी थोड़ी कम हो जाती है । टेंट की व्यवस्था देख रहे यार मोहम्मद कहते हैं कि टेंट के बहाने हमें भी कथा सुनने का अवसर मिल रहा है जिससे हमारा भी ज्ञान वर्धन हो रहा है । कथा के अंतिम दिवस खरांवा प्रधान राम सेवक,पूर्व प्रधान संत शरण शर्मा,शिक्षक शिव कुमार तिवारी,राम करन प्रजापति,भागीरथ रावत, साधू तिवारी,शिक्षक राम प्रकाश पांडेय,अनुज पाण्डेय,प्रज्ज्वल तिवारी,श्री राम प्रजापति , शिव नारायण प्रजापति, जागेश्वर, पंकज जायसवाल,सुशील ,सरवन प्रजापति आदि लोग मौजूद रहे।
Post a Comment