सऊदी में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, मुकदमा दर्ज, 2.25 लाख लेकर टूरिस्ट वीजा पर भेजा
देवरिया। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का आरोप है कि उसे सऊदी अरब में चालक की नौकरी का झांसा देकर टूरिस्ट वीजापर भेज दिया गया, जिससे उसे रोजगार नहीं मिल सका और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। तरकुलवा थाना क्षेत्र के सोनहुला रामनगर निवासी ट्रक चालक विजय कुमार ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के विशुनपुर चिरकिहवा निवासी अनवारुल पुत्र मुस्ताक ने उन्हें सऊदी अरब में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में आरोपी ने वीजा और विदेश भेजने के नाम पर उनसे करीब 2.25 लाख रुपये विभिन्न माध्यमों से ले लिए।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने विजय कुमार को नवंबर 2024 में सऊदी अरब भेज दिया। वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उन्हें वर्क वीजा के बजाय टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है। इस कारण उन्हें कोई रोजगार नहीं मिल सका और उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा। पीड़ित ने बताया कि भारतीय दूतावास की सहायता और परिवार से आर्थिक सहयोग मिलने के बाद वह मार्च 2025 में भारत लौट सके। वापस आने पर उन्होंने आरोपी से अपनी रकम लौटाने की मांग की, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हुए फोन काट दिया।
विजय कुमार ने बताया कि स्थानीय पुलिस और पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment