667.42 लाख की जल जीवन मिशन योजना बनी शोपीस, टंकी तैयार, लेकिन एक बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण
तिलोई,अमेठी। विकास खण्ड सिंहपुर क्षेत्र में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'हर घर जल–जल जीवन मिशन' योजना का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन सिंहपुर विकासखंड के पेडरिया, खरगपुर और गोयन गांवों में यह योजना अब तक धरातल पर पूरी तरह सफल होती नहीं दिख रही है। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित पेयजल परियोजना की विशाल पानी की टंकी पूरी तरह तैयार होकर खड़ी है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि आज तक उनके घरों तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।परियोजना स्थल पर लगे उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के सूचना पट्ट के अनुसार इस योजना पर 667.42 लाख रुपये की लागत स्वीकृत हुई है। योजना के तहत 325 किलोलीटर क्षमता की ओवरहेड टंकी का निर्माण तथा 964 घरों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। बावजूद इसके ग्रामीणों का कहना है कि टंकी बनने के बाद भी नलों से पानी की एक बूंद तक नहीं आई।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना केवल कागजों और दावों तक सीमित नजर आ रही है। वर्षों से लोग जलापूर्ति शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि भीषण गर्मी और बारिश के मौसम में भी उन्हें हैंडपंपों और अन्य स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और जल निगम के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि योजना की वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाए तथा यह स्पष्ट किया जाए कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जलापूर्ति शुरू क्यों नहीं हो सकी। साथ ही उन्होंने शीघ्र जलापूर्ति प्रारंभ कराने और यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की भी मांग की है।
Post a Comment