⚡ ब्रेकिंग News

शासकीय महाविद्यालय बरघाट में तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ

शासकीय महाविद्यालय बरघाट में तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ

केएमबी संदीप डेहरिया
बरघाट। शासकीय महाविद्यालय बरघाट में सत्र 2026–27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.एल. इनवाती के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े स्वयंसेवकों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। तत्पश्चात समस्त स्टॉफ और नवप्रवेशित विद्यार्थियों और उनके पालकों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. बी.एल. इनवाती ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, छात्र कल्याण योजनाओं तथा उपलब्ध संसाधनों से परिचित कराना है, ताकि वे अपने शैक्षणिक जीवन की सशक्त शुरुआत कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा सह-शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, ज्ञानार्जन एवं जीवन मूल्यों के विकास का केंद्र है। कार्यक्रम के प्रथम दिवस में विद्यार्थियों को महाविद्यालय का परिचय, विभिन्न संकायों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, ई-लाइब्रेरी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), सांस्कृतिक गतिविधियों तथा छात्र कल्याण एवं छात्रवृत्ति योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी), एंटी-रैगिंग, साइबर सुरक्षा एवं छात्र आचार संहिता से भी अवगत कराया गया।
डॉ. प्रदीप त्रिवेदी ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं एवं ई-लाइब्रेरी की सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पुस्तकालय किसी भी शिक्षण संस्थान का ज्ञान-केंद्र होता है। विद्यार्थियों को इन संसाधनों का नियमित उपयोग कर अपने अध्ययन, शोध एवं ज्ञान-विस्तार को समृद्ध करना चाहिए। उन्होंने ई-लाइब्रेरी एवं डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर भी प्रकाश डाला।
डॉ. आरती भीमटे ने विद्यार्थियों को एंटी-रैगिंग संबंधी प्रावधानों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए परिसर में अनुशासन, सम्मान एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। प्रो. संगीता उइके ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की गतिविधियों एवं समाज सेवा में इसकी भूमिका से विद्यार्थियों को परिचित कराया। प्रो. छत्रपाल जाटव ने महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद संबंधी उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं श्री हरिहर सोलंकी ने विद्यार्थियों को विभिन्न छात्र कल्याण एवं शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ. सायमा सरदेशमुख, शबनम खान, डॉ. ऊषा ठाकरे, जनअभियान परिषद की बरघाट ब्लॉक समन्वयक शोभना ठाकरे, मानेश्वर बिसेन सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रो. पंकज गहरवार ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य ही सफलता की पहली सीढ़ी है। यदि विद्यार्थी अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ें, तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि यही उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।तथा अंत में प्रो. छत्रपाल जाटव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी दो दिनों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति, मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन, करियर मार्गदर्शन, व्यक्तित्व विकास, छात्र कल्याण योजनाओं तथा अन्य समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों मोनिका शरणागत, शुभम गोमेश्वर, लोकेश हुमनेकर, सोमायला खान, तुलसी पारधी, स्नेहा चौहान, प्रांशु रहांगडाले लक्ष्मी शरणागत इत्यादि का योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...