जब खुद ग्रामीण करने लगे बिजली के तार दुरुस्त, तब खुली विभागीय लापरवाही की पोल
देवरिया। जिले के सलेमपुर क्षेत्र के बभनौली गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से परेशान ग्रामीणों ने खुद ही बिजली के लटके तारों को दुरुस्त करने का जिम्मा उठा लिया। लंबे समय से सलेमपुर-चेरो मार्ग पर झूल रहे जर्जर बिजली के तारों की शिकायत विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से की जा रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शुक्रवार को ग्रामीणों ने पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई और फिर कम्बाइन हार्वेस्टर की मदद से ऊंचाई पर चढ़कर बांस की फट्ठियों के सहारे लटके तारों को बांधकर सुरक्षित किया। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क पर झूलते तार कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते थे, इसलिए मजबूर होकर उन्हें खुद यह कदम उठाना पड़ा।
ग्रामीण नीरज पांडेय, सुभाष गौड़ और कुलदीप यादव ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने केवल आश्वासन दिया। हालांकि ग्रामीणों की मेहनत से तार व्यवस्थित हो गए, लेकिन बिजली आपूर्ति शुरू होते ही ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई, जिससे गांव में बिजली संकट बना रहा।
इस घटना ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने जल्द ट्रांसफार्मर बदलने और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था स्थायी रूप से दुरुस्त करने की मांग की है।
Post a Comment