अमेठी में विजिलेंस की बड़ी कार्यवाही: सीएमओ कार्यालय का बाबू रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, स्वास्थ्य महकमें में मचा हड़कंप
अमेठी। भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में तैनात बाबू संजय मिश्रा को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग सहित पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। विजिलेंस की इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीएमओ कार्यालय में तैनात बाबू संजय मिश्रा पर एक व्यक्ति से कार्यालय संबंधी कार्य कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना विजिलेंस विभाग को दी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। आरोप है कि जैसे ही बाबू ने रिश्वत की राशि ली, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी को अपने साथ लेकर कोतवाली मुसाफिरखाना पहुंची, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। टीम रिश्वत से संबंधित दस्तावेजों, बरामद नकदी और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। विजिलेंस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।इस कार्रवाई के बाद सीएमओ कार्यालय और स्वास्थ्य विभाग में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा। कर्मचारियों के बीच विजिलेंस की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं, आम लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रही तो सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
Post a Comment