बीते दिनों हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, अंतर जनपदीय शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान, नकदी व घटना में प्रयुक्त कार बरामद
केएमबी ब्यूरो प्रमुख इंद्रभान पाण्डेय
अमेठी। थाना शिवरतनगंज पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर किराना दुकान में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक अंतरजनपदीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के ₹5,200 नकद, किराना का सामान तथा घटना में प्रयुक्त फ्रॉन्क्स कार (यूपी 35 बीवाई 2378) बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध उन्नाव जनपद के विभिन्न थानों में हत्या, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित कुल 15 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में थाना शिवरतनगंज पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने धीरज पुत्र सुरेश (28 वर्ष) निवासी आजाद नगर, थाना गंगाघाट, जनपद उन्नाव को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो साथियों के साथ 8 जुलाई 2026 को शिवरतनगंज कस्बे की एक किराना दुकान का शटर तोड़कर चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान, ₹5,200 नकद तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर ली। इस मामले में पहले से थाना शिवरतनगंज में मु0अ0सं0 72/2026 धारा 305 एवं 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज था। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उन्नाव जिले के विभिन्न थानों में गंभीर अपराधों के 15 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, घटना में शामिल उसके दो अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्रा, उपनिरीक्षक मनोज कुमार प्रजापति सहित थाना शिवरतनगंज की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।
Post a Comment