विद्युत उपकेंद्र सेमरौता में दबंगों का तांडव: जेई पर जानलेवा हमला, सरकारी दस्तावेज फाड़े, सरकारी संपत्ति तोड़ी; तीन नामजद पर मुकदमा दर्ज
तिलोई अमेठी। शिवरतनगंज थाना अंतर्गत क्षेत्र के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सेमरौता में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथित रूप से तीन दबंग युवक उपकेंद्र परिसर में घुस आए और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अवर अभियंता (जेई) पर हमला किया, सरकारी अभिलेख फाड़ दिए और कार्यालय में रखा डेस्कटॉप कंप्यूटर भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सेमरौता पर तैनात अवर अभियंता अरविंद कुमार त्रिपाठी ने थाना शिवरतनगंज में दर्ज कराई गई । एफआईआर में आरोप लगाया है कि 16 जुलाई 2026 को लगभग शाम 4:45 बजे विजय प्रताप सिंह उर्फ राहुल सिंह, अभिषेक सिंह तथा मृगेंद्र शुक्ला, निवासी ग्राम खेखरुआ, कथित रूप से शराब के नशे में उपकेंद्र पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने सबसे पहले मीटर रीडर शोभनाथ और अन्य संविदा कर्मचारियों के साथ मारपीट की तथा सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए।
एफआईआर के अनुसार, ड्यूटी पर मौजूद एसएसओ राकेश चौरसिया को कंट्रोल रूम में बंद कर दिया गया। इसके बाद आरोपी जेई के कार्यालय में पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। शिकायत में कहा गया है कि हमले में जेई के नाक और मुंह पर गंभीर चोटें आईं तथा खून निकलने लगा। साथ ही कार्यालय में रखा सरकारी डेस्कटॉप कंप्यूटर भी तोड़ दिया गया, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर शिवरतनगंज पुलिस ने एफआईआर संख्या 0073/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 115(2), 324(4) तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 2 एवं 3 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
घटना के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में आक्रोश है। कर्मचारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारियों पर इस प्रकार के हमले न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं, बल्कि सरकारी सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए भी गंभीर चुनौती हैं।
पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment