सीवान में नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, साढ़े पांच लाख रुपये के नकली नोट, मशीन व उपकरण बरामद
सीवान। जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के पंडितपुरा गांव में शुक्रवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने ₹100 और ₹500 के कुल साढ़े पांच लाख रुपये के नकली नोट, नोट छापने की मशीन, विशेष कागज, इंक, अन्य उपकरण, मोबाइल फोन तथा कई संदिग्ध सामग्री बरामद की है। मामले में एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि उसके बयान के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, पंडितपुरा गांव में लंबे समय से नकली नोट तैयार किए जाने की गुप्त सूचना मिल रही थी। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और विशेष टीम ने देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली नोट और उन्हें तैयार करने में प्रयुक्त मशीन व अन्य सामग्री बरामद हुई।
पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। शुरुआती जांच में इस अवैध कारोबार से कई अन्य लोगों के जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी और इस नेटवर्क का संचालन किस स्तर पर हो रहा था।
जांच एजेंसियां जब्त मशीनों और उपकरणों की तकनीकी जांच भी कराएंगी। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि यह गिरोह केवल स्थानीय स्तर पर सक्रिय था या इसके तार अंतरराज्यीय अथवा अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है। हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ के आधार पर कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आधिकारिक तौर पर विस्तृत खुलासा जांच पूरी होने के बाद किए जाने की संभावना है।
Post a Comment