बनभरिया ग्राम सभा की भूमि विवाद में नए आरोप, धमकी से लेकर फर्जी अभिलेख तक के दावे
तिलोई अमेठी। जगदीशपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा बनभरिया में ग्राम समाज की भूमि पर कथित कब्जे और राजस्व अभिलेखों में हेरफेर का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता सिराज मोहम्मद ने प्रधान प्रतिनिधि अतीक अहमद समेत कई लोगों पर ग्राम सभा की गाटा संख्या 710, 705, 1390 सहित अन्य सरकारी भूमि को फर्जी अभिलेखों और कथित अनियमितताओं के जरिए निजी संपत्ति दर्शाकर बैनामा कराने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में कुछ राजस्व एवं चकबंदी अधिकारियों की मिलीभगत से अभिलेखों में बदलाव किया गया। विरोध करने पर धन की मांग, जान से मारने और जमीन से बेदखल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने बैनामा, राजस्व अभिलेख व अन्य दस्तावेजों के साथ स्थानीय विधायक को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय, निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आरोपित पक्ष का बयान प्राप्त नहीं हो सका था और प्रशासन की ओर से भी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर मामला सरकारी भूमि की सुरक्षा और राजस्व व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है।
Post a Comment