गाजियाबाद में बर्थ डे पार्टी में बुलाकर युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या, परिजनों में मचा कोहराम
गाजियाबाद : गाजियाबाद में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बुधवार रात करीब 11 बजे उसके दोस्त उसे बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बहाने घर से बुलाकर ले गए। पार्टी के दौरान 3 दोस्तों ने उसे घेर लिया। फिर सीने में तीन और पेट में चार बार चाकू मारा। हमले में उसकी आंतें बाहर आ गईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस घायल युवक को एमएमजी अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। महिलाएं धरने पर बैठ गईं और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करने लगीं।
पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान न्यू शांति नगर निवासी मोहित पुत्र बबलू शर्मा के रूप में हुई है। घटना क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की है।
न्यू शांति नगर निवासी बबलू शर्मा के दो बेटे और एक बेटी हैं। मोहित सबसे छोटा था। उसने 12वीं तक पढ़ाई की थी। परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात वह खाना खाकर घर में सो रहा था। रात करीब 11 बजे मोहल्ले के रहने वाले उसके दोस्त गौरव, देव और हरि घर पहुंचे। गौरव ने मोहित से कहा कि उसका बर्थडे है और पार्टी में चलना है। मोहित पहले जाने के लिए तैयार नहीं था, लेकिन तीनों दोस्त उसे अपने साथ ले गए। आरोप है कि वहां अन्य दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान नशे की हालत में गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी बीच गौरव, देव और हरि ने मिलकर मोहित पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सीने और पेट पर कई वार करने के बाद आरोपी उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
मोहित के बड़े भाई मनीष ने बताया, “करीब 20 दिन पहले मोहित का उसके दोस्त गौरव और देव से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मोहित ने गौरव को थप्पड़ मार दिया था। उस समय उन्होंने बाहर देख लेने की धमकी दी थी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया, लेकिन आरोपियों ने रंजिश नहीं छोड़ी। समझौते के बाद सभी लोग साथ में खाटू श्याम और हरिद्वार भी गए थे। आरोप है कि उसी दौरान भी आरोपी हत्या की फिराक में थे, लेकिन मौका नहीं मिला। आखिरकार बुधवार रात बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर छह लोगों ने मिलकर मोहित की हत्या कर दी। मेरे भाई को उसके दोस्तों ने धोखे से घेरकर चाकू मारे। हमले में उसकी आंतें बाहर आ गईं।”
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment