राजीव गांधी जयंती पर जायस में मलिक मोहम्मद जायसी पर निबंध प्रतियोगिता, 51 मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित
जायस,अमेठी। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के पावन अवसर पर मलिक मोहम्मद जायसी इंटर कॉलेज, जायस में महान सूफी संत एवं कवि मलिक मोहम्मद जायसी के जीवन, साहित्य और विचारों पर आधारित निबंध प्रतियोगिता एवं भव्य पुरस्कार-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 51 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, साथ ही, क्षेत्र के प्रसिद्ध साहित्यकारों एवं वरिष्ठ शिक्षाविदों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
अमेठी कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती मनीषा ने शिरकत कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने कहा कि मलिक मोहम्मद जायसी की साहित्यिक विरासत और राजीव गांधी जी के आधुनिक भारत के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणाश्रोत है। कार्यक्रम आयोजक व विद्यालय प्रबंधक अनुराग सिंह, प्रधानाचार्य रामकुमार सिंह तथा कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। राजीव गांधी जयंती के अवसर पर समूचे अमेठी संसदीय क्षेत्र के 52 विद्यालयों में सामान्य ज्ञान व निबंध प्रतियोगिताओं के साथ-साथ स्वास्थ्य व नेत्र चिकित्सा शिविर, संगोष्ठी, माल्यार्पण एवं सद्भावना पदयात्राओं का भी भव्य आयोजन किया गया।
Post a Comment