नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार पर बाबा जंगली नाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
बल्दीराय,सुल्तानपुर। नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार का पर्व एक साथ पड़ने से बाबा जंगली नाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही शिवभक्त जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प लेकर मंदिर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने बाबा जंगली नाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।नागपंचमी के अवसर पर भगवान शिव के साथ नाग देवता की पूजा को लेकर भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिसकर्मी मंदिर परिसर और आसपास तैनात रहे तथा श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे। पुलिस की सक्रियता से मंदिर परिसर में व्यवस्था बनी रही।वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था में सौरभ मिश्र, गया प्रसाद जायसवाल, ऋषभ जायसवाल, भुल्लन कोरी, सुनील सिंह, संजीव सिंह और संतोष गिरी सहित अन्य लोग सक्रिय रहे। सभी ने श्रद्धालुओं को सहयोग करते हुए भीड़ को व्यवस्थित करने में योगदान दिया।
Post a Comment