प्रेस क्लब में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत पत्रकार सतीश पांडेय को पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि
सुल्तानपुर। वरिष्ठ पत्रकार रहे सतीश पांडेय की हुई असामयिक मृत्यु के बाद जनपद के पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई।गुरुवार को प्रेस क्लब में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन हुआ। उपस्थित सभी पत्रकारों ने नम आखों से अपने साथी पत्रकार सतीश पांडेय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। बाद में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। सभी एक दूसरे से अपने साथी दिवंगत पत्रकार सतीश पांडेय के हंसते चेहरे की चर्चा करते हुए देखे गए। दिवंगत पत्रकार सतीश पांडेय के ताऊ (बड़े पिता) मनोराम पांडेय पूरे समय अपने पुत्रवत भतीजे को याद कर रोते हुए दिखे। सभी पत्रकार उन्हें ढांढस बंधाते नजर आए। ज्ञातव्य है कि सतीश पांडेय लखनऊ से प्रकाशित अखबार स्वतंत्र चेतना के वर्षों से चीफ ब्यूरो के रूप में कार्य कर रहे थे।दस दिन पूर्व मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित होने पर परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए नगर के गोमती हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था।स्थिति नियंत्रित न होने पर उन्हें लखनऊ स्थित मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। जहां इलाज के दौरान मंगलवार की देर रात उनकी मृत्यु हो गई थी। उनकी मौत की सूचना पर पत्रकार जगत में शोक की लहर व्याप्त हो गई। बुधवार को उनके पैतृक गांव के पास स्थित आदि गंगा गोमती के दियरा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें जनपद के राजनैतिक, व्यावसायिक व जिले के लगभग सभी पत्रकार शामिल हुए थे।
Post a Comment