त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर प्रशासन का चलेगा हटर, हर खाद्य सुरक्षा अधिकारी 20 दुकानों पर करेगा छापेमारी
अमेठी। आगामी त्योहारों को देखते हुए अमेठी प्रशासन ने मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए है।जिलाधिकारी प्रशांत चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम 20-20 दुकानों पर छापेमारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रत्येक उपजिलाधिकारी के साथ पांच-पांच संयुक्त छापेमारी भी किए जाने को कहा गया। छापेमारी के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों के मद्देनजर मिठाई की दुकानों, डेयरी प्रतिष्ठानों, होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, दूध केंद्रों, मेडिकल स्टोर, मिड-डे मील और सरकारी राशन की दुकानों की विशेष जांच की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई निष्पक्ष तरीके से हो, लेकिन खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को समय-समय पर औचक निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की स्थिति जांचने के निर्देश दिए गए।इसके अलावा अखबार या प्रिंटेड कागज में खाद्य पदार्थों की पैकिंग किए जाने पर रोक लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।अधिकारियों ने बताया कि प्रिंटेड कागज की स्याही में मौजूद कुछ रसायन खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने पर स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। बैठक में पूर्व में लिए गए खाद्य नमूनों की जांच और मिलावट से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। अदालतों में लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को नियमानुसार सजा दिलाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में एसडीएम ज्योति सिंह, सीएमओ डॉ. रजमान सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment